
सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने वाली नाबालिग लड़की ने कोर्ट में जो बयान दिया है, वह प्राथमिकी का समर्थन नहीं करता है एक सूत्र ने इसकी पुष्टि की है उल्लेखनीय है कि बच्ची की दादी ने सिमडेगा के दिलीप तिर्की समेत दो-तीन लोगों पर बहला-फुसला कर विधायक के खिलाफ बयान दिलाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है अब लड़की का कोर्ट में दर्ज बयान के बाद यह मामला पूरी तरह पलटता दिख रहा है।

इस बीच रांची पुलिस के अधिकारी ने अदालत में दिए बयान की प्रति हासिल करने के लिए आवेदन दिया है. आवेदन की प्रति मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को आदिवासी संगठनों और भाजपा के कुछ नेता लड़की को लेकर धुर्वा थाना पहुंचे थे. वहां पर लड़की ने एक आवेदन दिया था. जिसमें विधायक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद लड़की का बयान अदालत में दर्ज कराया है।
शुक्रवार को ही नाबालिग की दादी ने सिमडेगा में पुलिस को आवेदन देकर कहा कि उसकी पोती को विधायक के खिलाफ बयान देने के लिए बहकाया गया है. उसने पोती का अपहरण करने और विधायक को बदनाम करने के लिए गलत आरोप लगाते हुए दिलीप तिर्की समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पहले नाबालिग लड़की का बयान एक यूट्यूब चैनल ने प्रसारित किया था. जिसमें वह विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म करने और घरेलू काम कराने का आरोप लगाती दिख रही है. हालांकि कोर्ट में दिए बयान के बाद अब मामले ने अलग ही रुप ले लिया है।

गौरतलब है कि इस मामले में विधायक भूषण बाड़ा शुरु से खुद को बेकसूर बता रहे हैं. उनकी पत्नी ने भी पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि लड़की गलत बयान दे रही है. लड़की उन्हें बड़ी मां कहती थी, अगर उनके घर में उसे कोई दिक्कत थी तो उसे बताना चाहिए थे।
मामला प्रकाश में आने के बाद कांग्रेस के तमाम नेता भी विधायक भूषण बाड़ा के पक्ष में बयान दिया था. साथ ही साथ खड़े होने की बात की थी. यहां तक कि थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी कांग्रेस के नेता विधायक के साथ खड़े दिखे ।
दूसरी तरफ भाजपा के नेता इस मामले को लेकर सरकार और सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के खिलाफ हमलावर हैं. प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को एक्स पर पोस्ट कर पुलिस के कामकाज पर भी सवाल उठाया था. भाजपा के कई प्रमुख नेता भी विधायक को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

इससे पहले नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर रांची के धुर्वा थाने में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है. पीड़िता ने दो महिलाओं के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करायी है, जिन्होंने विधायक के आवास पर उसे काम पर रखवाया था. इन दोनों महिलाओं पर भी पीड़िता ने शारीरिक तौर पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि पांच अगस्त को विधायक बाड़ा ने अपने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया था. पुलिस ने इस केस में 14 नवंबर को पीड़िता का रांची कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया है. इससे पहले 13 नवंबर को उसका मेडिकल चेकअप कराया गया था।