मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में रांची में फ्लाईओवर और अन्य शहरों की यातायात व्यवस्था को लेकर पथ निर्माण विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की. बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सिरमटोली से मेकॉन तक फ्लाईओवर का निर्माण कार्य सितंबर के अंत तक पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची शहर की ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने के लिए सिरमटोली फ्लाईओवर एक बेहतरीन विकल्प है. इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए।
राज्य में 12 फ्लाईओवर बनाने की तैयारी:-
विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पूरे राज्य में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 12 फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
सरायकेला में दो और दुमका में एक फ्लाईओवर बनेगा, जबकि बाकी सभी फ्लाईओवर रांची में बनाने का प्रस्ताव है.
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि पथ निर्माण विभाग द्वारा राज्य के दुमका, डालटनगंज, चाईबासा, गिरिडीह और जमशेदपुर में बाइपास सड़क निर्माण का डीपीआर तैयार किया जा रहा है.
इस मौके पर मुख्यमंत्री को बताया गया कि रांची के करमटोली से रिम्स होते हुए बूटी मोड़ तक और हिनू से बिरसा चौक होते हुए डीपीएस स्कूल तक फ्लाईओवर बनाने के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है. विभाग की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष इस योजना का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।