रांची में थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों की 12 सूत्री मांग, ‘लहू बोलेगा’ संगठन ने सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

रांची, 25 फरवरी। रांची में थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और दिव्यांग मरीजों की समस्याओं को लेकर “लहू बोलेगा” रक्तदान संगठन और झारखंड थैलेसीमिया पीड़ित एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को रांची सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह को 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा।


प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया और कहा कि लंबित मांगों का समाधान एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
मांग पत्र में कहा गया है कि सदर अस्पताल में भर्ती थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को बिना डोनर, बिना पैरवी और बिना परेशानी के रक्त उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों के लिए अलग ब्लड काउंटर स्थापित करने की मांग की गई है।


इसके अलावा गर्मी शुरू होने से पहले रांची में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर अभियान चलाने, सदर अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा थैलेसीमिया, सिकल सेल और अप्लास्टिक एनीमिया मरीजों को सरकारी और निजी ब्लड बैंक से बिना डोनर और बिना प्रोसेसिंग शुल्क के रक्त उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
मांग पत्र में थैलेसीमिया, सिकल सेल, अप्लास्टिक एनीमिया और दिव्यांग मरीजों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की भी मांग शामिल है।


अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि कुछ मांगों पर तत्काल कार्रवाई की गई है, जबकि शेष मांगों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा।
बताया गया कि 14 फरवरी 2026 को रांची सदर अस्पताल ऑडिटोरियम में आयोजित परिचर्चा कार्यक्रम में इन मांगों को प्रस्ताव के रूप में पारित किया गया था, जिसके आधार पर यह ज्ञापन सौंपा गया।


प्रतिनिधिमंडल में संगठन के संस्थापक रक्तवीर नदीम खान, थैलेसीमिया पीड़ित सोनम कुमारी सहित संजय महतो, सुजाता कुमारी, रीना कच्छप, लीला देवी, सबिता देवी, मालती देवी, ज्योति कुमारी, दुलारी देवी और नरेश महतो शामिल थे।

Leave a Reply