14 साल पुराना ट्रेजरी घोटाला: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा – रघुवर सरकार की देन

Spread the love

रांची | झारखंड में ट्रेजरी से अवैध निकासी के मामले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है।


झामुमो ने साफ कहा है कि यह ट्रेजरी घोटाला कोई नया मामला नहीं है, बल्कि लगभग 14 साल पुराना है और इसकी जड़ें भाजपा के शासनकाल से जुड़ी हुई हैं। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बयान जारी करते हुए कहा कि आज भाजपा जिस मुद्दे को उठा रही है, वही उनके अपने कार्यकाल की नाकामियों का नतीजा है।


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय न तो पारदर्शिता थी और न ही जवाबदेही सुनिश्चित की गई, जिसके कारण ऐसी अनियमितताएं पनपती रहीं और अब उसका असर सामने आ रहा है।

झामुमो ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार “जीरो टॉलरेंस टू करप्शन” की नीति पर काम कर रही है। सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।


पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका यह राजनीतिक दांव उल्टा पड़ गया है। जिस मुद्दे को वे सरकार के खिलाफ इस्तेमाल करना चाह रहे थे, वही अब उनके शासनकाल की कार्यसंस्कृति को उजागर कर रहा है।
झामुमो ने दोहराया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। कानून अपना काम करेगा और सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply