
शिक्षा का अधिकार अधिनियम यानी RTE 2009 के तहत रांची जिले में निजी स्कूलों की 25% आरक्षित सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
जिला प्रशासन के मुताबिक इस साल कुल 1499 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि अभिभावकों ने कुल 3908 सीटों को विकल्प के रूप में चुना है।
आपको बता दें कि जिले के 117 निजी विद्यालयों में कुल 1161 सीटें उपलब्ध हैं, जिन पर कमजोर और अभिवंचित वर्ग के बच्चों का नामांकन किया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी से शुरू हुई थी, जिसे पहले 15 मार्च तक रखा गया था, लेकिन अभिभावकों की मांग को देखते हुए इसकी अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 मार्च 2026 कर दी गई।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज यानी 23 मार्च को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की।
बैठक में साफ निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवेदनों में लगाए गए दस्तावेज़ जैसे आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र की जांच 26 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरी की जाए।
यह जांच विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूरी तरह ऑनलाइन मोड में की जाएगी।

इसके बाद अगला कदम होगा ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम, जिसके जरिए बच्चों का चयन किया जाएगा। लॉटरी की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
वहीं जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने आवेदन की स्थिति rteranchi.in पोर्टल पर लगातार चेक करते रहें।