
पिस्का नगड़ी: नगड़ी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का 18वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगड़ी प्रखंड के जनप्रतिनिधि, प्रखंड निर्माण मंच के सदस्य तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नगड़ी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के अलग-अलग गांवों से आई गरीब एवं असहाय महिलाओं के बीच साड़ी का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रखंड निर्माण मंच के शहीद अहमद ने की, जबकि संचालन प्रखंड निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समाजसेवी अब्दुल कद्दूस ने किया।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख मदुवा कच्छप ने कहा कि हम सभी को मिलकर नगड़ी प्रखंड को एक आदर्श प्रखंड बनाने के लिए कार्य करना होगा। वहीं समाजसेवी एवं जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि बजरंग महतो ने कहा कि नगड़ी प्रखंड में कई कार्यों एवं कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है, जिसे हम सभी को मिलकर दूर करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में बिचौलियापन हावी है, जिस पर विशेष नजर रखने की जरूरत है।

भाजपा नेता केदार महतो ने कहा कि नगड़ी प्रखंड के विभिन्न गांवों से अपने काम के लिए आने वाले गरीब लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में समाजसेवी नबी अंसारी, गणेश पहान, मंजूर अंसारी, नवल महतो, प्रेम सागर महतों माहिर अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
