झारखंड में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. राज्य में तापमान इतना अधिक है कि ऐसा लग रहा है मानो आसमान से आग बरस रही हो. गढ़वा जिले में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं, भीषण गर्मी से राज्य में 5 लोगों की मौत हो गई है।
गढ़वा के अलग-अलग इलाकों में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि रांची के बुंडू में एक वृद्ध की मौत हो गयी. वहीं, जमशेदपुर और आदित्यपुर में एक-एक व्यक्ति की जान गयी है. वहीं, भीषण गर्मी से 3 हजार चमगादड़ों की मौत की खबर भी सामने आई है. वन विभाग की टीम ने पिछले बुधवार को पत्थलगड्डा पहुंचकर जांच की और मृत चमगादड़ों को जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।

आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा और चतरा समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले 2 दिनों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है. पिछले बुधवार को राज्य में स्थिति यह रही कि रांची समेत 18 जिलों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया. गढ़वा सबसे गर्म रहा. यहां का तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया. पलामू में भी तापमान 47.7 डिग्री रहा. 42.2 डिग्री तापमान के साथ रांची में भी इस साल का सबसे गर्म दिन रहा. राज्य के कई इलाकों में अगले 2 दिनों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है. पलामू, गढ़वा और चतरा में 30 मई के लिए भीषण गर्मी का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है. इसके साथ ही झारखंड के पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य हिस्से के 15 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. गढ़वा में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. मौसम विभाग के रांची केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, गढ़वा में यह अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
