48 घंटे का अल्टीमेटम: छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लो, नहीं तो सड़क पर उतरेगी भाजपा

Spread the love

रांची: झारखंड में परीक्षा गड़बड़ी और नियुक्ति में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। छात्रों के समर्थन में भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो पार्टी छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।


इसी सिलसिले में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्य सचिव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने समेत कई मांगें सरकार के सामने रखीं।

भाजपा का दावा है कि परीक्षा में गड़बड़ी और नियुक्ति में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे 1,000 से अधिक छात्रों पर FIR दर्ज की गई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ कथित हिंसा करने वालों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा ने इसे छात्रों के साथ अन्याय बताते हुए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


भाजपा की प्रमुख मांगों में छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमों को वापस लेना, परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराना और आयोग के अध्यक्ष की तरह सभी सदस्यों पर भी कठोर कार्रवाई करना शामिल है। इसके अलावा भाजपा ने छात्रों पर हिंसा करने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


भाजपा नेताओं ने साफ कहा है कि सरकार को इन मांगों पर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करनी होगी। ऐसा नहीं होने पर भाजपा छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।


भाजपा के इस अल्टीमेटम के बाद झारखंड में परीक्षा गड़बड़ी का मुद्दा एक बार फिर गरमाने के आसार हैं। आने वाले दिनों में छात्र आंदोलन के साथ-साथ इस मुद्दे पर सियासी टकराव भी तेज हो सकता है।

Leave a Reply