रांची समाहरणालय में शुरू हुई 5 आधुनिक लिफ्ट, बिजली जाने पर भी ‘सेल्फ रेस्क्यू’ से सुरक्षित बाहर निकल सकेंगे लोग

Spread the love

रांची: रांची समाहरणालय में अब आम लोगों और कर्मचारियों को आधुनिक लिफ्ट की सुविधा मिलेगी। गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित लिफ्ट का उद्घाटन किया।


समाहरणालय के ब्लॉक-A में 2 और ब्लॉक-B में 3, कुल 5 आधुनिक लिफ्ट शुरू की गई हैं, जिन्हें आम नागरिकों और पदाधिकारियों के उपयोग के लिए समर्पित किया गया है।
इस मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि समाहरणालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में आधुनिक लिफ्ट की सुविधा शुरू होने से लोगों को अलग-अलग मंजिलों पर स्थित कार्यालयों तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को इससे राहत मिलेगी।


प्रशासन की ओर से बताया गया कि इन सभी लिफ्टों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इनमें सेल्फ रेस्क्यू सिस्टम लगाया गया है, जिससे बिजली बाधित होने की स्थिति में भी लिफ्ट अपने आप नजदीकी फ्लोर तक पहुंच जाएगी और अंदर फंसे लोग सुरक्षित बाहर निकल सकेंगे।
इस दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय के नवीनीकृत सभागार का भी निरीक्षण किया। सभागार के नवीनीकरण के बाद यहां होने वाली बैठकों और प्रशासनिक कार्यक्रमों के संचालन में और अधिक सुविधा मिलेगी।


प्रशासन ने बताया कि समाहरणालय परिसर में तीन और लिफ्ट का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद समाहरणालय आने वाले लोगों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply