हरमू स्थित पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति पिछले 65 वर्षों से दूर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है. यहां पर दुर्गा पूजा की शुरुआत मंडई से शुरू हुई थी.फिर इसकी बगल में मां दुर्गा के मंदिर का निर्माण कराया गया. इसके बाद से यहां पर भव्य दूर्गा पूजा पंडाल बनाये जा रहे है. अब मंदिर व पंडाल दोनों श्रद्धालुओं के मुख्य आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं।

इस बार पंडाल में वृंदावन का प्रारूप बनाया जा रहा है. पंडाल के बाहर श्रीकृष्ण के बचपन के प्रसंग को दर्शाया जायेगा. पंडाल में आप महाभारत के दृश्य भी देख सकेंगे. 65 लाख की लागत से तैयार यह पंडाल 100 फीट ऊंचा, 125 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा है।
पश्चिम बंगाल के 40 कारीगर इसे तीन माह से तैयार कर रहे हैं. हरमू मैदान में दुर्गापूजा पंडाल के साथ मेले का आयोजन भी किया जा रहा है. मेले में मौत का कुआं, झूले आदि लोगों का मनोरंजन करेंगे. पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, महासचिव राजीव कुमार, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह और अमिताभ मुखर्जी समेत 50 सदस्य पूजा को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब का पंडाल इस बार वेटिकन सिटी की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है. यह पंडाल 26 या 27 सितंबर को श्रद्धालुओं के लिए खोला जायेगा. इस पूजा पंडाल पर करीब 50 लाख रूपये से अधिक खर्च होने की बात सामने आयी है।
कोलकाता से आये 30 कारीगर इस पंडाल का निर्माण कर रहे हैं. 80 फीट ऊंचा, 100 फीट लंबा और 60 फीट चौड़ा यह पंडाल फाइबर और थर्मोकोल से सजाया जा रहा है. पंडाल रंगीन फ्लड लाइट से जगमगायेगा।