त्रिपक्षीय वार्ता के बाद रांची नगर निगम सफाईकर्मियों की हड़ताल स्थगित

Spread the love

रांची नगर निगम के सफाईकर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल अब नहीं होगी। सफाईकर्मी यूनियन की मांगों को लेकर आज हुई त्रिपक्षीय बैठक में अहम फैसले लिए गए, जिसके बाद यूनियन ने 25 सितम्बर को होने वाली हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है।

बैठक उप श्रमायुक्त की उपस्थिति में नगर निगम प्रशासन और झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के बीच हुई। इस दौरान नगर निगम ने सफाईकर्मियों की कई प्रमुख मांगों को स्वीकार किया।

स्वीकृत मांगें:

1. साल में 8 दिन अवकाश (4 राष्ट्रीय एवं 4 त्यौहार अवकाश)।

2. अकुशल से कुशल श्रेणी में प्रोन्नति।

3. निकाले गए कर्मियों की पुनः बहाली।

4. मृतक कर्मियों के आश्रितों को नियुक्ति।

5. ए टू ज़ेड कंपनी के कर्मियों को दिसंबर 2013 का बकाया वेतन भुगतान।

6. 1 अप्रैल 2025 से लागू वेतन वृद्धि का एरियर तीन किस्तों में भुगतान।

7. सभी कर्मियों को पहचान पत्र जारी करना।

हालाँकि, बोनस, अतिरिक्त अवकाश और स्थायीकरण जैसी कुछ मांगों पर निर्णय अगले दौर की वार्ता में लिया जाएगा।

इस संबंध में यूनियन की एक बैठक 25 सितम्बर को अपराह्न 3 बजे हटिया मजदूर यूनियन कार्यालय में बुलाई गई है, जिसमें नेतृत्व कर्मियों को वार्ता के नतीजों की जानकारी देगा।

आज की बैठक में नगर निगम की ओर से अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद और रविन्द्र कुमार, सहायक प्रशासक दिलीप कुमार एवं चंद्रदीप कुमार शामिल रहे। श्रम विभाग से सहायक श्रमायुक्त अविनाश कृष्ण मौजूद थे, जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष भवन सिंह, महासचिव प्रकाश टोप्पो, सचिव सुखनाथ लोहरा, सहायक सचिव सुजीता देवी और संरक्षक अमल आज़ाद उपस्थित रहे।

Leave a Reply