
रांची, 2 नवम्बर 2025 : सेवा भारती, रांची महानगर भाग–3 के तत्वावधान में मेन रोड, कडरू मोड़ स्थित कुजारा भवन में सिलाई प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के तीन स्वावलंबन केंद्रों से प्रशिक्षित 45 महिलाओं को सिलाई–कटाई का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती रांची महानगर के अध्यक्ष श्री चंद्रकांत रायपत ने कहा —
> “सेवा भारती के माध्यम से सेवा बस्तियों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रेरणादायक कार्य हो रहा है। समाज में सेवा भारती स्वावलंबन की लौ जला रही है। महिलाएं परिवार और राष्ट्र की शक्ति हैं।”
वहीं संस्था की न्यासी श्रीमती पूनम आनंद ने कहा कि आत्मनिर्भर महिलाएं समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं। आज के भौतिक युग में आत्मनिर्भरता ही महिलाओं की असली ताकत है।
कार्यक्रम में सेवा भारती की सह प्रांत महिला प्रमुख श्रीमती नीतू सिन्हा ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा —
> “हमें नौकरी की तलाश में नहीं भटकना चाहिए, बल्कि अपने हुनर के बल पर स्वरोजगार अपनाना चाहिए।”
प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने बताया कि सेवा भारती में केवल सिलाई प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि संस्कार, कुशल व्यवहार और सामाजिक दायित्व का भी पाठ पढ़ाया जाता है।
कार्यक्रम के समापन पर सेवा भारती रांची महानगर के सचिव श्री श्याम टोरका ने बताया कि
> “संस्था हर वर्ष लगभग 300 महिलाओं को सिलाई–कटाई का प्रशिक्षण देती है, जिनमें से करीब 225 महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं।”
कार्यक्रम में परमानंद कुजारा, प्रदीप केडिया, मदन सेन, रश्मि मिश्रा, पुष्पा देवी, चंद्रमणी देवी, शोभा देवी, फूलमनी देवी, सुशीला शर्मा सहित लगभग 55 महिलाओं की उपस्थिति रही।
