
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार, 03 नवंबर 2025 को झारखंड मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य हित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में कैम्बो मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को मंजूरी दी गई, जिसके तहत रांची जिले के मांडर और चान्हो प्रखंडों के आंशिक भू-भाग में भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस परियोजना पर ₹236.20 करोड़ से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा, घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के संचालन हेतु ₹7.84 करोड़ की राशि झारखंड आकस्मिकता निधि से अग्रिम रूप में स्वीकृत की गई। राज्य के VIP/VVIP उड़ान कार्यक्रम के लिए Bell-429 हेलिकॉप्टर सेवा को अगले छह माह के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना की सहयोग राशि में वृद्धि को भी मंजूरी मिली। अब IAP क्षेत्र में ₹1.30 लाख से बढ़ाकर ₹2.00 लाख तथा Non-IAP क्षेत्र में ₹1.20 लाख से बढ़ाकर ₹2.00 लाख दी जाएगी।
राज्य की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों सुश्री सलीमा टेटे और सुश्री निक्की प्रधान को झारखंड आवास बोर्ड द्वारा निःशुल्क आवंटित भूखंड के निबंधन में मुद्रांक एवं पंजीयन शुल्क से छूट दी गई है।
साथ ही, दुमका जिले में दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए लगभग ₹80 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। मंत्रिपरिषद ने Jharkhand State Allied and Healthcare Council Rules, 2025 एवं झारखंड राज्य बहुद्देशीय कर्मी नियमावली, 2025 को भी मंजूरी दी।
इस बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े कई अन्य निर्णय भी लिए गए, जिनसे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।