
रांची: झारखंड विधानसभा की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 22 नवंबर को भव्य रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न होगा। पहला सत्र सम्मान समारोह को समर्पित रहेगा, जिसमें उत्कृष्ट विधायकों, विधानसभा कर्मियों के साथ-साथ देश सेवा में शहीद हुए जवानों के परिजनों तथा वीरता पदक प्राप्त पुलिस और सेना के जवानों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य शिक्षाविदों को भी उनके योगदान के लिए सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधानसभा सचिवालय और रांची जिला प्रशासन संयुक्त रूप से व्यवस्था संभालेंगे।
शाम के सत्र में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इधर, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात और सुरक्षा प्रबंधन पर भी विशेष चर्चा की गई।
रजत जयंती समारोह को सफल और यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है।
