
राँची, 23 नवम्बर 2025: झारखण्ड स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर राँची जिले में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आज विभिन्न पंचायतों में जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया।
सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों में जनता की भारी भीड़ उमड़ी। इन शिविरों में एक ही स्थान पर कई विभागों की योजनाओं की जानकारी, आवेदन, स्वीकृति और परिसंपत्ति वितरण की सुविधा दी गई, जिससे लोगों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
प्रमुख स्थान जहाँ शिविर आयोजित हुए:
कांके प्रखंड: बोडेया, जयपुर, कांके उत्तरी, कांके दक्षिणी एवं कांके पश्चिमी पंचायत
खलारी प्रखंड: विश्रामपुर एवं तुमांग पंचायत
मांडर प्रखंड: बिसाहाखटंगा एवं महुआजारी पंचायत
राहे प्रखंड: डोकाद पंचायत
सिल्ली प्रखंड: बंसारूली एवं बिसरिया पंचायत

शिविरों में दी गई प्रमुख सेवाएँ:
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के नए एवं लंबित स्वीकृति पत्रों का वितरण
सोना-सोबरन धोती साड़ी लुंगी योजना के तहत वस्त्र वितरण
दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र आदि का वितरण
दाखिल-खारिज, लगान रसीद, जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र का त्वरित निष्पादन
आधार नामांकन/सुधार एवं पैन कार्ड सुविधा
प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं के आवेदन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच, दवा वितरण एवं गोल्डेन कार्ड बनाने की सुविधा
प्रशासन की सक्रिय भूमिका:
शिविरों में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, अंचलाधिकारी, विभागीय कर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और लाभुकों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया गया।
सेवा का अधिकार सप्ताह 28 नवम्बर तक:
राँची के उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिले के अन्य पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में भी इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा —
“जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। सभी नागरिक अपने नजदीकी शिविर में पहुँचकर इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएँ।”

