
झारखंड की राजनीति में बीते कुछ दिनों से चल रही सरकार परिवर्तन की अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है।
प्रदेश की राजनीतिक गलियों में यह चर्चा तेज थी कि जल्द ही बीजेपी और झामुमो मिलकर नई सरकार बना सकते हैं।
इस अटकल ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी थी।
हालांकि, झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन, लिट्टीपाड़ा से झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने इन चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने सदन के भीतर कहा कि —
“विपक्ष की ओर से सिर्फ शगूफा उड़ाया गया है, सट्टा राजनीति की चाहत में भ्रामक बातें फैलाई जा रही थीं।”

विधायक मुर्मू ने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है तथा किसी तरह का राजनीतिक संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहें केवल जनता को भ्रमित करने और सरकार की छवि को कमजोर करने की कोशिश हैं।
मुर्मू के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि सरकार बदलने की चर्चा महज अटकलें थीं और मौजूदा गठबंधन सरकार फिलहाल पूरी मजबूती से कार्य कर रही है।