
रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने मुख्यमंत्री को आगामी 29 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान निदेशक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस दीक्षांत समारोह में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित है। साथ ही उन्होंने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर संस्थान के लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। यह समारोह छात्रों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने एनआईटी जमशेदपुर के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
