
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ट्रिपल आईटी, रांची में चयनित आदिवासी छात्रा सुश्री सविता कच्छप ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें राज्य सरकार की ओर से ₹2 लाख की प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने सुश्री सविता कच्छप को पीएचडी के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग देती रहेगी। उन्होंने सविता को आगे भी पूरी लगन से पढ़ाई एवं शोध कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

सुश्री सविता कच्छप डूंगरी टोली, अरगोड़ा (रांची) की निवासी हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही हैं। वे आदिवासी समुदाय से ट्रिपल आईटी, रांची में पीएचडी हेतु चयनित सबसे कम उम्र (24 वर्ष) की अभ्यर्थी हैं। उनका चयन Indian Institute of Information Technology, Ranchi में इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषय में हुआ है।
सविता कच्छप तकनीकी क्षेत्र की पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर भी हैं। उन्होंने IEEE में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नॉवेल्टी रिसर्च वर्क प्रस्तुत कर राज्य और समाज का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर उनके परिजन एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।