
रांची | झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने एक प्रेस बयान जारी कर भारतीय जनता पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्राओं को लेकर भाजपा के आरोप तथ्यहीन हैं और यह पार्टी की आदिवासी नेतृत्व के प्रति असहजता व सामंती सोच को उजागर करते हैं।
विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्राएं किसी प्रकार का निजी सैर-सपाटा नहीं, बल्कि राज्य के दीर्घकालिक औद्योगिक, निवेश और पर्यटन हितों से जुड़ी रणनीतिक पहल हैं। आज के वैश्विक दौर में निवेश आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भागीदारी किसी भी प्रगतिशील राज्य सरकार की आवश्यकता है।
उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि जब झारखंड पहली बार World Economic Forum (दावोस) जैसे मंच पर जा रहा है, तो भाजपा इसे अपराध की तरह क्यों पेश कर रही है? वहीं दूसरी ओर, कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के दावोस न जाने पर वही भाजपा सवाल उठा रही थी। एक ही मंच पर दो अलग-अलग मापदंड—यही भाजपा की राजनीति का असली चेहरा है।
झामुमो महासचिव ने कहा कि तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में दावोस जाने को भाजपा निवेश के लिए जरूरी बताती है, लेकिन झारखंड के मामले में उसका रवैया पूरी तरह विरोधाभासी है। महाराष्ट्र में निवेश समझौतों पर गर्व करने वाली भाजपा, झारखंड के लिए वही अवसर क्यों नहीं देख पा रही?
उन्होंने कहा कि भाजपा की असली परेशानी यह है कि झारखंड का नेतृत्व एक आदिवासी मुख्यमंत्री कर रहा है, जो आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर राज्य की बात रख रहे हैं। जब-जब हेमंत सोरेन झारखंड को नई पहचान दिलाने का प्रयास करते हैं, भाजपा का नकारात्मक और सामंती चरित्र सामने आ जाता है।
विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि निवेश कोई तात्कालिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली व्यवस्था है, जिसमें नीति, आधारभूत संरचना और स्थानीय संसाधनों का विकास शामिल होता है। हेमंत सरकार उद्योग नीति, पर्यटन नीति और स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता दे रही है, जबकि भाजपा शासनकाल में झारखंड को केवल खनन और लूट का मॉडल मिला।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। झारखंड की जनता भाजपा के दुष्प्रचार को भली-भांति समझती है। हेमंत सोरेन सरकार राज्य के विकास, निवेश और रोजगार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी राजनीतिक शोर-शराबे से विचलित होने वाली नहीं है।