
खूँटी। खूँटी जिले में पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में देवव्रत नाथ शाहदेव सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान सोमा मुंडा हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बाहा मुंडा (29), देवा पाहन (63), अनिश मुंडा (31), रविया पाहन (39), रमेश्वर संगा (25), पंकज कुमार शर्मा (45) और देवव्रत नाथ शाहदेव शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी को छोड़कर सभी खूँटी जिले के ही रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, रांची निवासी देवव्रत नाथ शाहदेव का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रांची के कई थानों में केस दर्ज हैं। साथ ही, कांके थाना क्षेत्र में भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में भी देवव्रत नामजद आरोपी रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड की कड़ी जोड़ी।
बताया गया कि 7 नवंबर को पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के विरोध में अगले दिन खूँटी बंद बुलाया गया था, जिसमें पक्ष और विपक्ष के कई नेता शामिल हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी मनोज कौशिक ने एसआईटी का गठन कर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया था।
इसके साथ ही सदर थाना प्रभारी मोहन कुमार को निलंबित कर उनकी जगह अशोक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आईजी स्वयं खूँटी पहुंचे थे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली थी।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।