आदित्य साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनने पर जोरदार स्वागत ।

Spread the love

रांची | मकर संक्रांति के पावन अवसर पर राजधानी रांची के चिरौंदी स्थित वृंदावन कॉलोनी में संक्रांति मिलन उत्सव सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर नवनियुक्त भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। समारोह में उन्हें अंगवस्त्र एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया, जो संगठन की परंपरा, सम्मान और गौरव का प्रतीक रहा। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा साफ झलकती रही।

समारोह में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश की विशिष्ट उपस्थिति रही। नेताओं ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति और उत्तरायण पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे सामाजिक एकता, राष्ट्रभाव और संगठनात्मक मजबूती का पर्व बताया।

कार्यक्रम के दौरान मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाले वीर युवाओं को भी सम्मानित किया गया। विगत 12 दिनों से लापता रांची के मौसीबाड़ी निवासी मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को सकुशल परिजनों तक पहुंचाने वाले रामगढ़ के बजरंग दल के डब्लू और सचिन सहित युवाओं को मंच पर सम्मान देकर उनकी बहादुरी को नमन किया गया।

अपने संबोधन में रमेश सिंह ने कहा कि आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने से संगठन के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं और आने वाले समय में भाजपा प्रदेश में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। समारोह में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद एवं आरती कुजूर, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता राफिया नाज़, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप, पूर्व विधायक सामरी लाल व रामकुमार पाहन, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, धीरज महतो, नरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply