माध्यमिक आचार्य परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी: ICUBE डिजिटल सेंटर इरबा में समय से पहले बंद हुआ सिस्टम, परीक्षा रद्द करने की मांग

Spread the love

रांची। आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को माध्यमिक आचार्य की परीक्षा रांची के ICUBE डिजिटल सेंटर में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान सेंटर की गंभीर तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिससे सैकड़ों परीक्षार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया।


परीक्षार्थियों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के बाद लगभग 1 घंटे तक सिस्टम में तकनीकी समस्या बनी रही। इस दौरान छात्रों को परीक्षा देने का पूरा अवसर नहीं मिल पाया। सेंटर प्रशासन द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि सभी छात्रों को पूरा समय दिया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद ठीक 5:00 बजे सभी कंप्यूटर सिस्टम ऑटोमेटिक बंद हो गए।


जब छात्रों ने आपत्ति जताई तो सेंटर प्रबंधन ने साफ कह दिया कि अब परीक्षा दोबारा नहीं होगी और यही परीक्षा मान्य मानी जाएगी। अचानक सिस्टम बंद हो जाने से कई छात्र अपने प्रश्न पत्र पूरे नहीं कर पाए, जिससे उनमें भारी आक्रोश और निराशा है।

छात्रों का कहना है कि यह पूरी तरह से सेंटर की लापरवाही और तकनीकी विफलता का मामला है, जिसकी सजा परीक्षार्थियों को नहीं मिलनी चाहिए। सभी प्रभावित छात्रों ने झारखंड सरकार और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से मांग की है कि आज आयोजित माध्यमिक आचार्य की परीक्षा को अतिशीघ्र रद्द कर पुनः निष्पक्ष तरीके से परीक्षा आयोजित की जाए।


परीक्षार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। यह मामला अब केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है।

Leave a Reply