
रांची। झारखंड में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के हित में बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के मद्देनज़र उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने जिले के सभी निजी एवं केंद्रीय विद्यालयों के लिए निर्देश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, KG से लेकर कक्षा 6वीं तक की सभी कक्षाएं अब सुबह 9:00 बजे के बाद ही संचालित की जाएंगी। यह आदेश 19 जनवरी 2026 (सोमवार) से 24 जनवरी 2026 (शनिवार) तक प्रभावी रहेगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी निजी एवं केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि आने वाले दिनों में ठंड और शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजामों के साथ ही विद्यालय भेजें और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।