रांची: उफनते नाले में गिरे दो मासूम, मां ने दिखाई बहादुरी, एक की जान बची – दूसरे की तलाश जारी ।

Spread the love

रांची। सदर थाना क्षेत्र के मौलाना आज़ाद कॉलोनी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चे अचानक अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिर गए। उस समय नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे दोनों बच्चे बहने लगे।


जैसे ही बच्चों की मां की नजर डूबते हुए बच्चों पर पड़ी, उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए उफनते नाले में छलांग लगा दी। अदम्य साहस का परिचय देते हुए मां ने एक बच्चे का हाथ मजबूती से पकड़ लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


हालांकि पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि दूसरा बच्चा मां की पकड़ से छूट गया और नाले में बहता चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया।


बताया जा रहा है कि यह नाला आगे चलकर नामकुम क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी में जाकर मिलता है। सूचना के बाद प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दूसरे बच्चे की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि उसकी तलाश अभी जारी है।


घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नालों और जलभराव वाले इलाकों से बच्चों को दूर रखें।

Leave a Reply