
झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में झारखंड के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान कोवेंट्री शहर में शहरी नवाचार और सतत शहरी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न प्रमुख संस्थानों का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य ज़ीरो-एमिशन शहरी मॉडल, भविष्य की मोबिलिटी प्रणालियों, नवोन्मेषी सार्वजनिक स्थलों तथा आधुनिक शहर नियोजन के वैश्विक अनुभवों को समझना रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने Coventry City Council एवं Coventry University के साथ विस्तृत संवाद किया। इस दौरान ज़ीरो-एमिशन सिटी मैनेजमेंट मॉडल, शहरी नवाचार तथा अकादमिक–प्रशासनिक सहयोग के माध्यम से टिकाऊ शहरों के विकास पर चर्चा हुई। नीति, तकनीक और नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण को एकीकृत करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने कोवेंट्री सिटी बस डिपो का दौरा कर ईवी आधारित शहरी परिवहन प्रणालियों में उपयोग हो रही आधुनिक तकनीकों और संचालन मॉडल का अध्ययन किया। ज़ीरो-एमिशन बस फ्लीट, स्मार्ट डिपो प्रबंधन और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन के अनुभवों को झारखंड के शहरों में लागू करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कोवेंट्री सिटी काउंसिल द्वारा दी गई प्रस्तुतियों में शहरी मोबिलिटी में नवाचार, भविष्य की परिवहन प्रणालियाँ, शहर नियोजन एवं प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों का विकास तथा Coventry Very Light Rail (VLR) जैसी उन्नत तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। VLR को किफायती, टिकाऊ और नागरिक-अनुकूल शहरी परिवहन समाधान के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो आधुनिक शहरों के लिए एक प्रभावी मॉडल है।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि कोवेंट्री का अनुभव झारखंड के शहरों को स्वच्छ, स्मार्ट और भविष्य-तैयार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सीख प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इन अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आधार पर झारखंड में शहरी मोबिलिटी, सार्वजनिक परिवहन, शहर नियोजन और सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए नवोन्मेषी एवं व्यावहारिक समाधान अपनाए जाएंगे।
यह अंतरराष्ट्रीय अध्ययन दौरा झारखंड के शहरी विकास को सतत, तकनीक-सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।