अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ रांची में जोरदार प्रतिरोध मार्च, वेनेजुएला की संप्रभुता के समर्थन में उठी आवाज़ ।

Spread the love

रांची | अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा वेनेजुएला की संप्रभुता पर किए जा रहे हमलों, अपहरण, आर्थिक प्रतिबंधों और युद्धोन्मुख नीतियों के खिलाफ World Federation of Trade Unions के आह्वान पर गुरुवार को रांची में व्यापक प्रतिरोध मार्च निकाला गया।


यह मार्च झारखंड के अमन-पसंद, साम्राज्यवाद-विरोधी राजनीतिक दलों, मजदूर, किसान, महिला, युवा-छात्र जनसंगठनों एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में सैनिक बाजार से शुरू होकर मेन रोड होते हुए लोक भवन तक पहुँचा। मार्च का नेतृत्व झामुमो के रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम, सीपीआई के अजय सिंह सहित वामदलों, टीएमसी और समाजवादी पार्टी के संयुक्त नेतृत्व ने किया।


मार्च के दौरान “अमेरिकी साम्राज्यवाद हो बर्बाद” और “वेनेजुएला के राष्ट्रपति Nicolás Maduro एवं उनकी पत्नी को तुरंत रिहा करो” जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। लोक भवन पहुँचने पर मार्च एक सभा में परिवर्तित हो गया। सभा की अध्यक्षता मुस्ताक आलम ने की, जबकि संचालन सीपीआई के अजय कुमार सिंह ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव Supriyo Bhattacharya ने कहा कि यह लड़ाई साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ है और अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के वैध राष्ट्रपति के खिलाफ की गई कार्रवाई निंदनीय है। राज्यसभा सांसद Mahua Maji ने आश्वासन दिया कि वे संसद में भी अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ आवाज़ उठाएँगी।


वक्ताओं ने कहा कि Donald Trump के नेतृत्व में अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान द्वारा संप्रभु राष्ट्र वेनेजुएला के विरुद्ध किया गया खुला हस्तक्षेप संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है। तेल संसाधनों की लूट के उद्देश्य से लगाए गए प्रतिबंध और धमकियाँ आम जनता, मजदूरों और किसानों पर सीधा प्रहार हैं।


सभा के बाद राष्ट्रपति के नाम एक स्मार-पत्र राज्यपाल को सौंपा गया। स्मार-पत्र में भारत सरकार से गुटनिरपेक्ष और साम्राज्यवाद-विरोधी नीति को पुनः दृढ़ता से अपनाने, वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी आक्रमण व प्रतिबंधों का सार्वजनिक विरोध दर्ज करने तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर संप्रभुता और आत्मनिर्णय के अधिकार के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाने की माँग की गई।


इस कार्यक्रम में झामुमो, सीपीआई, सीपीएम, माले, टीएमसी, सपा, आप, कांग्रेस सहित विभिन्न दलों और जनसंगठनों के नेताओं व सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Leave a Reply