भाजपा का बयान हताशा और झूठ का पुलिंदा, दावोस में झारखंड की वैश्विक पहचान से बौखलाई है विपक्ष: विनोद पांडेय

Spread the love

रांची | झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने दावोस ‘व्हाइट बैज’ को लेकर भाजपा द्वारा दिए गए बयान पर कड़ा और तथ्यपूर्ण पलटवार किया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा का बयान न तो तथ्यों पर आधारित है और न ही अंतरराष्ट्रीय मंचों की कार्यप्रणाली की बुनियादी समझ को दर्शाता है। यह प्रतिक्रिया दरअसल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता और दावोस में झारखंड की मजबूत उपस्थिति से उपजी राजनीतिक हताशा का परिणाम है।


विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि World Economic Forum के दौरान दावोस में दिया जाने वाला ‘व्हाइट बैज’ कोई साधारण पहचान पत्र नहीं होता, बल्कि यह एक निर्वाचित मुख्यमंत्री के रूप में आधिकारिक मान्यता और उच्च-स्तरीय बैठकों तक सीधी पहुंच का प्रतीक है। यह बैज केवल उन्हीं प्रतिनिधियों को दिया जाता है, जिनकी भूमिका नीतिगत संवाद, निवेश वार्ताओं और वैश्विक निर्णय प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसे “रंगीन कार्ड” बताकर भाजपा न केवल जनता को गुमराह कर रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों की गरिमा का भी अपमान कर रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह प्रक्रिया इतनी ही “सामान्य” होती, तो झारखंड जैसे आदिवासी बहुल, खनिज-संपन्न और विकासशील राज्य के मुख्यमंत्री को वैश्विक निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं के साथ एक मंच पर संवाद का अवसर क्यों मिलता? सच यह है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की स्पष्ट नीतियों, स्थिर शासन और स्थानीय हितों को केंद्र में रखकर किए जा रहे विकास कार्यों के कारण ही आज झारखंड वैश्विक निवेश मानचित्र पर उभर रहा है।

झामुमो महासचिव ने कहा कि आज जब झारखंड के लिए निवेश प्रस्ताव, औद्योगिक साझेदारियां और रोजगार के अवसर आकार ले रहे हैं, तब भारतीय जनता पार्टी जानबूझकर भ्रम फैलाकर इस सकारात्मक छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही है। लेकिन जनता अब सच समझती है और ऐसे दुष्प्रचार का समय आने पर राजनीतिक जवाब भी देगी।

Leave a Reply