चक्रधरपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर: डॉ विजय सिंह गागराई भाजपा में शामिल ।

Spread the love

राँची: झारखण्ड विधानसभा चुनाव 2024 में चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके समाजसेवी डॉ विजय सिंह गागराई ने अब भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। शुक्रवार को राँची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन की। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।


भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने डॉ विजय सिंह गागराई को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर और सदस्यता रसीद प्रदान कर भाजपा में स्वागत किया।


डॉ विजय सिंह गागराई, खरसावां से झामुमो विधायक दशरथ गागराई के छोटे भाई हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, उनका भाजपा में शामिल होना आगामी चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।


गौरतलब है कि चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष का पद अनुसूचित जनजाति (अन्य) वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में भाजपा इस सीट के लिए एक मजबूत और स्वीकार्य आदिवासी चेहरे की तलाश में थी। पार्टी सूत्रों का मानना है कि डॉ विजय सिंह गागराई को भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।


डॉ विजय सिंह गागराई के भाजपा में शामिल होने से चक्रधरपुर की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply