
रांची | झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में प्रथम प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक फेलिसिटी बैंक्वेट हॉल, डोरंडा (बड़ा घाघरा), रांची में सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उदय भानु चिब (राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष) उपस्थित रहे।

बैठक में विशेष रूप से प्रदेश युवा प्रभारी मनीष शर्मा, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सीएलपी लीडर प्रदीप यादव, उप सीएलपी लीडर राजेश कश्यप, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सचेतक विधायक कुमार जयमंगल सिंह सहित युवा आयोग अध्यक्ष, बाल आयोग सदस्य, विधायकगण, जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।
राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अपने संबोधन में कहा कि यह देश महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलता है, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार संविधान विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। ऐसे समय में युवाओं को आगे आकर संविधान की रक्षा करनी होगी।

प्रदेश युवा प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े युवाओं को संगठित कर संगठन को मजबूत बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। युवा होना एक अवसर है, लेकिन इसे जिम्मेदारी के रूप में निभाना होगा।
बैठक में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा 100 दिनों का संकल्प लिया गया, जिसके तहत नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को उजागर करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
प्रदेश कार्यकारिणी की इस बैठक में युवा कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारीगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

