
जिले में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को गंभीर इनपुट मिले हैं। इंटरपोल से प्राप्त खुफिया जानकारी के बाद पुलिस मुख्यालय को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आशंका को देखते हुए जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।
खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में आतंकी स्लीपर सेल के सक्रिय होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि इन संदिग्ध तत्वों के तार सीधे तौर पर पाकिस्तान में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके आतंकियों से जुड़े हो सकते हैं। रिपोर्ट में आगाह किया गया है कि ये स्लीपर सेल शहर की शांति और कानून-व्यवस्था को बाधित करने के उद्देश्य से किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हैं।
इस पूरे मामले में आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर, रोड नंबर-14 निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान को मुख्य संदिग्ध बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां अर्शियान को लेकर विशेष रूप से सतर्क हैं। जानकारी के अनुसार, सीबीआई के अनुरोध पर इंटरपोल द्वारा अर्शियान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। वह लंबे समय से दिल्ली पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल बताया जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि अर्शियान जमशेदपुर में सक्रिय स्थानीय नेटवर्क का नेतृत्व कर रहा है और युवाओं को अपने साथ जोड़ने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।