रांची में मेयर के सभी 19 उम्मीदवार योग्य, पार्षद के लिए 390 अभ्यर्थी मैदान में

Spread the love

रांची: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रक्रिया गुरुवार को समाहरणालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय में शांतिपूर्ण एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई।


संवीक्षा के बाद रांची नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले सभी 19 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। इनमें 5 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं, जिससे चुनाव में महिला भागीदारी भी उल्लेखनीय रूप से सामने आई है।


वहीं, रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 390 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। इनमें से 242 महिला अभ्यर्थी हैं, जो स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।


इसी प्रकार, बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 7 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 50 अभ्यर्थियों का नामांकन सही पाया गया है, जिनमें 27 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।


निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 6 फरवरी 2026 को अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी 2026 को सभी योग्य अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद चुनावी मुकाबला और अधिक स्पष्ट हो जाएगा।


नगरपालिका चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply