
रांची : राजधानी रांची के टुंकी टोली, कोकर स्थित आदिवासियों के धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों को बचाने को लेकर केंद्रीय सरना समिति का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की के नेतृत्व में रिम्स अधीक्षक डॉ. हरेंद्र बिरूवा से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि सरहुल महापर्व नजदीक है, ऐसे समय में रिम्स प्रशासन द्वारा टुंकी टोली, कोकर स्थित जतरा स्थल, मसना स्थल और गांव देवती स्थल की घेराबंदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ये स्थल आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था, परंपरा और संस्कृति से जुड़े हुए हैं, और इनकी घेराबंदी से आदिवासी समाज की पहचान और परंपराएं प्रभावित होंगी।
समिति ने रिम्स प्रशासन से मांग की है कि टुंकी टोली, कोकर स्थित धार्मिक और सामाजिक स्थलों को घेराबंदी से मुक्त रखा जाए, ताकि आदिवासी समाज अपनी परंपराओं और धार्मिक अनुष्ठानों को पूर्व की तरह जारी रख सके।
इसके साथ ही समिति ने यह भी मांग की कि रिम्स परियोजना से विस्थापित हो चुके लोगों को प्राथमिकता के आधार पर ठेका-पट्टा, रोज़गार और थर्ड एवं फोर्थ ग्रेड की नौकरियों में प्राथमिकता दी जाए।
इस मौके पर केंद्रीय सरना समिति की केंद्रीय महिला अध्यक्ष निशा भगत, महासचिव संजय तिर्की, प्रवक्ता एंजेल लकड़ा, लक्ष्मी मुंडा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।