
रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार जीप से लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन में उसके साथ और कौन-कौन लोग मौजूद थे।
पुलिस ने घटना में शामिल थार जीप को भी जब्त कर लिया है। यह दर्दनाक हादसा बीती रात रेलवे कॉलोनी के पास, रेलवे स्टेशन से डोरंडा जाने वाले रास्ते पर हुआ।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े पांच लोगों को तेज रफ्तार थार जीप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक घर में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार थार जीप ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।