
रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेतलसूद स्थित एक सरकारी शराब दुकान पर फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार की रात की बताई जा रही है, जब बाइक सवार अपराधियों ने दुकान के पास पहुंचकर फायरिंग कर दी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग करने वाले आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे इलाके का पुराना अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस को उसकी पहचान भी हो चुकी है।

हालांकि फायरिंग की असली वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना रंगदारी या किसी आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।