पैतृक गांव नेमरा में ‘बाहा पर्व’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, जाहेर थान में की पूजा-अर्चना

Spread the love

नेमरा (रामगढ़), 05 मार्च 2026 : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में सपरिवार शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ गांव स्थित जाहेर थान पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।


परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू एवं कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा द्वारा संपन्न कराई गई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ग्रामीणों के साथ अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे और बाहा पूजा में भाग लिया।


मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाहा पर्व में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।

सपरिवार पहुंचे मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की और उनकी बातें सुनीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को बाहा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply