इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ युवा कांग्रेस का एलान, 16 मार्च को संसद घेराव

Spread the love

रांची: इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की है। शुक्रवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के नेताओं ने 16 मार्च को दिल्ली में संसद घेराव करने की बात कही।


रांची महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश के किसानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से भारत की विदेशी नीति पर भी प्रभाव पड़ रहा है और कई निर्णयों में अमेरिका का दबाव नजर आ रहा है।


गौरव सिंह ने बताया कि इस डील के तहत भारत के उत्पादों पर अमेरिका में लगभग 18 प्रतिशत टैरिफ लगाया जा सकता है, जबकि अमेरिका के डेयरी और कृषि उत्पादों को भारत में बिना टैरिफ के बेचने की अनुमति मिल सकती है। इससे भारतीय किसानों के उत्पाद महंगे और अमेरिकी उत्पाद सस्ते हो जाएंगे, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा।


उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर झारखंड युवा कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता 16 मार्च को दिल्ली पहुंचकर संसद का घेराव करेंगे। इसके बाद राज्य के सांसदों के आवास के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


युवा कांग्रेस की मांग है कि इंडो-यूएस ट्रेड डील को तुरंत रद्द किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार इस पर ध्यान नहीं देती है तो देशभर में जेल भरो आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य उज्ज्वल तिवारी, अनुशासन समिति के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, उपाध्यक्ष शिल्पी वर्मा, दीपक साव, विवेक धान तथा महासचिव गौरव गोलू सहित कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply