
रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने तत्काल प्रभाव से शहर के पांच थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, धुर्वा, कोतवाली, लोअर बाजार, डेली मार्केट और कांके थाना में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति की गई है।
नई पोस्टिंग के तहत कुणाल कुमार को कांके थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं नितिन कुमार को डेली मार्केट थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सनोज चौधरी को कोतवाली थाना प्रभारी, लव कुमार सिंह को लोअर बाजार थाना प्रभारी और अरुण महथा को धुर्वा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
SSP द्वारा किए गए इस बदलाव को प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
