
रांची राजधानी की सड़कों पर बढ़ते जाम के दबाव को कम करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आए। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर उन्होंने रेडियम चौक से लेकर किशोरी यादव चौक और न्यू मार्केट चौक तक सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम, एनएचएआई और बिजली विभाग के अधिकारी भी शामिल थे। इस संयुक्त विजिट का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर सड़कों के चौड़ीकरण और जाम के स्थायी समाधान की राह तलाशना था।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। जिसमें रेडियम चौक से न्यू मार्केट के बीच सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल यातायात में बड़ी बाधा बन रहे हैं। बिजली विभाग को इन पोलों को पीछे शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है ताकि रोड चौड़ीकरण का काम जल्द पूरा हो सके। इसके अलावा सड़कों पर अवैध पार्किंग के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए, चिन्हित स्थानों पर नए पार्किंग स्टैंड बनाने की योजना है। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा।
निरीक्षण के बाद ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि शहर की भौगोलिक स्थिति और बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा नगर निगम, एनएचएआई और बिजली विभाग के साथ मिलकर एक साझा योजना तैयार की गई है। हमारा लक्ष्य है कि सड़कों से अतिक्रमण हटे और बिजली के पोल जैसी बाधाओं को दूर कर जनता को जाम से मुक्ति दिलाई जाए।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि जो ऑटो वाले से जो अवैध वसूली हो रही है, उसे रोकने के लिए ऑटो वालों का सुझाव लिया गया और जो लोग अवैध स्टैंड के नाम पर वसूली कर रहे हैं उनके ऊपर कार्रवाई होगी।
