
रांची नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने बरियातू रोड, बड़गई चौक, पीएचईडी चौक से बूटी मोड़ तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेला, गुमटी और अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो दुकान, छह काउंटर, 70 फ्रूट कैरेट और चार ठेला जब्त किए। वहीं पांच अवैध संरचनाओं को भी हटाया गया। इसके अलावा नालियों के ऊपर बनाए गए अवैध ढांचों को भी ध्वस्त किया गया।

नगर निगम की ओर से अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा ताकि आम लोगों को बेहतर यातायात और स्वच्छ व्यवस्था मिल सके।



