
जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात उलीडीह स्थित अपने भगिने से मिलने गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
रविवार को स्थानीय लोगों ने आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान पाए गए हैं। चोटों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। वहीं मृतक के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ियों पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है।
फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।