
रांची: राजधानी रांची में अपराध और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से देर रात विशेष एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया। यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरकर स्थिति का जायजा लेते नजर आए। सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी तथा ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने विभिन्न चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देर रात तक चले इस विशेष अभियान में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर भी विशेष नजर रखी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे। राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।