
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना को लेकर संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने का फैसला किया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत कर दी गई है।
इसी क्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय आज से राज्यव्यापी संगठनात्मक दौरे पर निकल रहे हैं। पार्टी कार्यक्रम के अनुसार 2 जून को चाईबासा, 3 जून को पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा 4 जून को सिमडेगा में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में जिला, प्रखंड और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी शामिल होंगे।
बैठकों का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची सत्यापन और जनगणना से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षित करना है। पार्टी का मानना है कि जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन और जागरूक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो हर बूथ तक पहुंचकर जनता को जागरूक करने का काम करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर झारखंड के अधिकारों, खनिज संपदा में हिस्सेदारी, बकाया राशि, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि झारखंड देश को कोयला, लोहा और अन्य खनिज संपदा उपलब्ध कराता है, लेकिन राज्य को उसका पूरा अधिकार अब तक नहीं मिल पाया है। पार्टी का मानना है कि जनता के बीच सीधा संवाद और मजबूत संगठन ही भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी जवाब होगा।
झामुमो के इस अभियान को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।