
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा बुधवार को जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय शामिल हुए।

अपने संबोधन में विनोद कुमार पाण्डेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को जागरूक करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के नामों की निगरानी करने और किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं कटने देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देशानुसार बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन अभिकर्ताओं के माध्यम से न केवल चुनावी गतिविधियों बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी प्राप्त की जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की। इस अवसर पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला सचिव रतन महतो ने दिया। प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और नगर शाखाओं से बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता शामिल हुए।