सरायकेला में झामुमो का बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर संपन्न, विनोद पाण्डेय ने SIR अभियान को सफल बनाने का किया आह्वान

Spread the love

सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम बुधवार को सरायकेला टाउन हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाना तथा बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, त्रुटियों को दूर कराने और मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।


कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने की। कार्यशाला में बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, विलोपन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।


इस दौरान झामुमो परिवार का विस्तार भी हुआ। आदित्यपुर के के.पी. सोरेन, खरसावां के बीरबल सरदार और सरायकेला की सुनिला सुतार समेत सैकड़ों समर्थकों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया।


कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सांसद जोबा माझी, विधायक सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई, जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू सहित जिला, प्रखंड, नगर, पंचायत और बूथ स्तर के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply