SDO कोर्ट की रोक के बावजूद निर्माण कार्य, निशा भगत गिरफ्तार, कांके में जमकर हंगामा

Spread the love

रांची: कांके थाना क्षेत्र के हुसीर मौजा में विवादित 40 डिसमिल जमीन पर एसडीओ कोर्ट की रोक के बावजूद निर्माण कार्य कराने पहुंची निशा भगत को गुरुवार को कांके पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ बुधनी उरांव उर्फ भगताईंन को भी हिरासत में लिया गया। दोनों को देर शाम न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया।


जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर एसडीओ कोर्ट द्वारा यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद गुरुवार को जबरन छत ढालने की सूचना मिलने पर सीओ अमित भगत, इंस्पेक्टर कुणाल कुमार समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने निर्माण कार्य रोकने और कोर्ट के आदेश का पालन करने का आग्रह किया, लेकिन बुधनी उरांव और उनके परिवार के लोगों ने काम बंद करने से इनकार कर दिया। इसी दौरान निशा भगत भी मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य जारी रखने के पक्ष में बयान देती रहीं।


पुलिस के अनुसार, निशा भगत घर का दरवाजा बंद कर छत पर चढ़ गईं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखने की अपील करती रहीं। काफी समझाने के बाद भी जब स्थिति नहीं संभली तो पुलिस ने खिड़की की ईंट तोड़कर घर में प्रवेश किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तारी के दौरान मौके पर भारी हंगामा हुआ तथा पुलिस और विरोध कर रहे लोगों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply