56 विधायकों के शक्ति प्रदर्शन के साथ इंडिया गठबंधन एकजुट, बैजनाथ राम और प्रणव झा कल करेंगे नामांकन

Spread the love

रांची। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों पर रविवार को पूर्ण विराम लग गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इंडिया गठबंधन (झामुमो, कांग्रेस, राजद एवं वाम दल) के विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक में सत्ता पक्ष ने अपनी मजबूती और एकजुटता का जोरदार प्रदर्शन किया।

झामुमो उम्मीदवार, बैद्यनाथ राम

बैठक के बाद गठबंधन नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा। नेताओं ने बताया कि बैठक में गठबंधन के कुल 56 विधायक मौजूद रहे, जिससे विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे असंतोष और मतभेद के आरोपों को करारा जवाब मिला है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने संयुक्त रूप से कहा कि गठबंधन के भीतर किसी प्रकार का कोई भ्रम या मतभेद नहीं है। सभी सहयोगी दल और विधायक पूरी मजबूती के साथ एकजुट हैं और दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करेंगे।
वहीं, मंत्री संजय यादव ने कहा कि गठबंधन में मतभेद की चर्चाएं केवल राजनीतिक अफवाह हैं। जमीनी स्तर पर सभी विधायक और दल पूरी तरह साथ हैं तथा चुनाव में एकजुट होकर हिस्सा लेंगे।

इंडिया गठबंधन ने सोमवार को होने वाले नामांकन कार्यक्रम को भी अंतिम रूप दे दिया है। गठबंधन के अधिकृत उम्मीदवार बैजनाथ राम और प्रणव झा सोमवार सुबह 11 बजे विधानसभा सचिवालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान गठबंधन के सभी 56 विधायक प्रस्तावक और समर्थक के रूप में मौजूद रहेंगे, जो राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का बड़ा संदेश देगा।

प्रणव झा, कांग्रेस उम्मीदवार

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गठबंधन की इस एकजुटता ने राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्ष की रणनीति को बड़ा झटका दिया है और सत्ता पक्ष ने अपनी मजबूत स्थिति का स्पष्ट संकेत दे दिया है।

Leave a Reply