
रांची: राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया से पहले झारखंड की राजनीति में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में महागठबंधन के राज्यसभा प्रत्याशी बैद्यनाथ राम एवं प्रणव झा ने झारखंड विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने दोनों प्रत्याशियों का स्वागत किया और आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राज्यसभा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और झारखंड के हितों तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए अनुभवी प्रतिनिधियों का उच्च सदन तक पहुंचना आवश्यक है।

रवींद्रनाथ महतो ने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम और प्रणव झा राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को मजबूती से संसद में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों प्रत्याशियों का सार्वजनिक जीवन समाजसेवा और जनहित के कार्यों से जुड़ा रहा है, जिसका लाभ राज्य को मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि दोनों नेता संसद में झारखंड की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से रखने का कार्य करेंगे तथा राज्य के विकास से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से उठाएंगे।

राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियों के बीच इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महागठबंधन के दोनों प्रत्याशी आगामी चुनाव में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
