नशा मुक्त झारखंड अभियान का शुभारंभ: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जागरूकता रथों को किया रवाना

Spread the love

रांची, 15 जून 2026: झारखंड को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित राज्यव्यापी जागरूकता अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय, रांची से किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जागरूकता प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशीले एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राज्य की प्रगति के लिए भी गंभीर चुनौती बनता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से नशा मुक्त झारखंड का निर्माण किया जा सके।

इस अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply