
जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र में हुई छिनतई की घटना के मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू के साथ मंगलवार तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गई। यह घटना सिद्धगोड़ा थाना क्षेत्र के लंबा मैदान इलाके में हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई।
जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना पुलिस छिनतई मामले में गिरफ्तार गबरू को उसकी निशानदेही पर बरामदगी के लिए लंबा मैदान लेकर गई थी। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि छिनतई के बाद जेवरात और अन्य सामान उसने इसी इलाके में छिपाकर रखा है।
बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस टीम के साथ मौजूद सब-इंस्पेक्टर सुशांत सुंडी की सरकारी पिस्टल छीन ली और मौके से फरार होने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, भागते समय उसने दो से तीन राउंड फायरिंग भी की।
पुलिसकर्मियों ने आरोपी को कई बार रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
