झारखंड राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर: परिमल नाथवानी और बैद्यनाथ राम की जीत, कांग्रेस के प्रणव झा हारे

Spread the love

रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि देर शाम तक निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी, लेकिन मतगणना से जुड़े सूत्रों ने दोनों उम्मीदवारों की जीत की पुष्टि कर दी।

मतगणना के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार परिमल नाथवानी को कुल 30 वोट मिले, जिससे उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। दूसरी ओर झामुमो के बैद्यनाथ राम भी राज्यसभा पहुंचने में सफल रहे। इस तरह झारखंड की दो राज्यसभा सीटों में एक सीट झामुमो और दूसरी सीट एनडीए समर्थित उम्मीदवार के खाते में गई।

इस चुनाव परिणाम को कांग्रेस और महागठबंधन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका और हार का सामना करना पड़ा।

चुनाव परिणाम के दौरान तीन वोटों को लेकर भी पूरे दिन सस्पेंस बना रहा। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि तीन वोटों की स्थिति स्पष्ट नहीं थी और उन्हें पहले होल्ड पर रखा गया था। बाद में इन वोटों को अमान्य घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई।

सूत्रों के मुताबिक महागठबंधन के भीतर मतदान को लेकर एकजुटता नहीं दिखी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राजद और भाकपा-माले के कुछ विधायकों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसे महागठबंधन के भीतर हुआ “खेला” बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इसी कारण कांग्रेस उम्मीदवार को नुकसान हुआ और परिमल नाथवानी को फायदा मिला।

राज्यसभा चुनाव के इस परिणाम ने झारखंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजरें आधिकारिक घोषणा और आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply